चार अक्तूबर को लोहिया उपकेंद्र परिसर में बिजली बनाते वक्त खंभे से गिरकर हुआ था घायल
गोरखपुर। लोहिया बिजली उपकेंद्र परिसर में चार अक्तूबर को कार्य करते वक्त पैर फिसल जाने से गिरकर घायल निविदाकर्मी अनिल कुमार की बुधवार देर शाम इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। इसके बाद घरवालों ने जमकर हंगामा किया। शव लेकर लोहिया उपकेंद्र पहुंचे घर वालों ने जेई और एसडीओ पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
कांशीराम कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय अनिल करीब तीन वर्ष से बिजली निगम में लोहिया उपकेंद्र पर सीढ़ी मैन के रूप में काम कर रहे थे। चार अक्तूबर को तड़के आंधी और बारिश के कारण लोहिया उपकेंद्र क्षेत्र में कई जगह पेड़ की डाल गिर गई थी। 33 हजार वोल्ट की लाइन में भी गड़बड़ी आ गई थी। इस कारण पूरा उपकेंद्र बंद हो गया था। सुबह से ही अनिल को पोल पर चढ़ाकर लाइन सही कराया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे वह पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे कि अचानक झटके से सिर के बल नीचे गिर गए। बिजलीकर्मियों की सूचना पर अभियंता पहुंचे और पास के अस्पताल में ले गए। यहां से हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई।
आरोप है कि रुपये बचाने के लिए बीमा से मिलने वाले लाभ के तहत अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय लिया गया। इस प्रक्रिया में चार से पांच घंटे बर्बाद हुए। इधर, बिजली आपूर्ति भी नहीं सही हो सकी। शाम को अनिल को मेडिकल कॉलेज रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अनिल के परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।