पार्किंग और कॉम्प्लेक्स बन जाने से जाम की समस्या होगी दूर
घंटाघर के सुंदरीकरण का काम हो चुका है पूरा
गोरखपुर। राज्य स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बंधु सिंह पार्क में बने रहे मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग का काम अंतिम चरण में है। इसके दिसंबर में पूरा होने की उम्मीद है। भवन का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है। इसकी फिनिशिंग भी शुरू हो गई है। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। नए साल में इसका लोकार्पण होगा। इसके बाद इलाके में जाम की समस्या पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग का निर्माण 1539.89 वर्गमीटर में किया जा रहा है। पांच मंजिला इस पार्किंग में 44 दुकानें हैं। यहां 66 चार पहिया और 293 दो पहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। भूतल पर दो लिफ्ट, सीढ़ियां और 22 दुकानें बनेंगी। द्वितीय तल पर दो लिफ्ट, सीढ़ियों के अलावा सात दो पहिया एवं 20 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
पार्किंग के निर्माण से घंटाघर, माया बाजार और हिंदी बाजार आदि प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या दूर होगी। साथ ही यहां लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है। 17 सितंबर 2023 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका शिलान्यास किया था।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसे तय समय में पूरा कर लिया जाएगा।
घंटाघर के सुंदरीकरण का काम पूरा
स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ीं कई कहानियों को खुद में समेटे ऐतिहासिक घंटाघर का सुंदरीकरण पूरा हो गया है। शहर के हिंदी बाजार स्थित घंटाघर काफी समय से मरम्मत न होने की वजह से जर्जर हो गया था। इस ऐतिहासिक स्थल को आने वाली पीढ़ी भी देख सके, इसके लिए नगर निगम ने इसका सुंदरीकरण कराया है। इसके तहत घंटाघर की दीवारों और घड़ी की मरम्मत कर रंग-रोगन किया गया है। घड़ी में डिजिटल बेल भी लगाई गई है जो हर घंटे बजेगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि घंटाघर के सुंदरीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शिलान्यास के बाद वर्क ऑर्डर देकर काम शुरू करवा दिया जाएगा।