वरिष्ठ नेता आलोक शुक्ला शाम चार बजे गए थे पार्टी कार्यालय
कार्यालय के सामने मौजूद लोगों ने घेरकर पिटाई कर दी
गोरखपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दौरान रविवार को पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपी बनाए गए वरिष्ठ नेता आलोक शुक्ला पर सोमवार को पार्टी कार्यालय के सामने हमला हो गया। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे आलोक शुक्ला पार्टी कार्यालय गए थे। वे सीढ़ी उतर रहे थे, इसी दौरान कुछ लोगों ने खींचकर जमीन पर गिरा दिया और पिटाई कर दी।
इससे संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित आलोक शुक्ला की तहरीर पर रामगढ़ताल थाना पुलिस ने आरोपी साहिल विक्रम तिवारी व अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
बता दें कि उरुवा ब्लॉक अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी को पार्टी से निष्कासित करने के बाद से ही कांग्रेस में आंतरिक घमासान मचा हुआ है। सोशल मीडिया पर भी दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे हैं। ट्रांसपोर्टनगर के पास बने कांग्रेस के नए कार्यालय में बीते 10 जुलाई को मनीष गौतम और सच्चिदानंद तिवारी के बीच आरोप-प्रत्यारोप को लेकर ही मारपीट हुई थी। इसके बाद रविवार को तारामंडल इलाके के एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सच्चिदानंद तिवारी के साथ मारपीट हुई। इस मामले में जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी व आलोक शुक्ला समेत छह लोगों पर केस दर्ज कराया गया था।
इसके बाद सोमवार को आलोक शुक्ला पर कांग्रेस कार्यालय के सामने हमला हुआ। आलोक ने बताया कि वे दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे पार्टी कार्यालय पहुंचे तो अंदर कोई पदाधिकारी नहीं मिला। वे लौट रहे थे, तभी कार्यालय के सामने खड़े साहिल व कुछ अन्य लोगों ने घेरकर पिटाई शुरू कर दी। आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर वहां से भागे। आलोक ने रामगढ़ताल थाना पुलिस को तहरीर दी। देर शाम मामले में साहिल तिवारी व अन्य अज्ञात के खिलाफ भी मारपीट का केस दर्ज हो गया।