रविवार को बारिश के चलते 33 डिग्री सेल्सियस हो गया था तापमान
सोमवार को फिर 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चढ़ा पारा
गोरखपुर। मौसम का मिजाज हर दिन बदल रहा है। रविवार को बारिश व बादल छाए रहने से जहां तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी, वहीं सोमवार को तेज धूप ने फिर लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। अभी चार दिन ऐसे ही हालात बने रहने का पूर्वानुमान है।
सोमवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जबकि रविवार को बारिश की वजह से तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस हो गया था। पूरे दिन तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। न्यूनतम आर्द्रता भी 65 प्रतिशत पर रही। इस वजह से धूप की तपन तेज थी।
मौसम विभाग की तरफ से अगले चार दिन तक पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौमस विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को एक बार फिर मानसून गोरखपुर व आस-पास के इलाकों में सक्रिय होगा। इस दौरान लगातार तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है।