घरवालों की शिकायत पर जिला अस्पताल प्रशासन ने शुरू कराई जांच
गोरखपुर। बांसगांव क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी रमेश रावत को जिला अस्पताल से निजी अस्पताल ले जाने और वहां हुई मौत के प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बना दी गई है। अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. ओपी सिंह की अगुवाई में यह कमेटी जांच कर रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को देगी।
शाहपुर इलाके में स्थित जेल रोड स्थित जैन हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान रमेश रावत (60) की मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया था। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया था। घरवालों ने बताया कि 10 अक्तूबर को परिजनों ने रमेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां संविदा पर तैनात डॉक्टर ने इलाज के बजाय निजी अस्पताल भेजकर वहां ऑपरेशन किया था।
सीएमएस डॉ. बीके सुमन ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।