आग लगने के कारण सवा लाख का सामान खाक, आर्थिक रूप से कमजोर है परिवार
सरदारनगर। एम्स थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में शनिवार की रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की खुशियां राख में बदल दीं। घटना रात करीब आठ बजे की है, जब बिंदू देवी पत्नी बासदेव के घर में अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दूसरे मंजिल के कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने से कमरे में रखा लगभग 10 हजार रुपये नकद, टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा, बेड, आलमारी और कपड़े समेत करीब सवा लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग पर नियंत्रण पाया जा चुका था।
बताया जा रहा है कि जब आग लगी उस समय घर के सभी सदस्य नीचे के हिस्से में मौजूद थे। जब ऊपर से धुआं और लपटें निकलने लगीं तो लोगों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पास के मकान की पानी की टंकी से पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिंदू देवी का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। इस हादसे ने उन्हें पूरी तरह से बेघर कर दिया है। हालांकि, संयोग अच्छा रहा कि आग अगल-बगल के घरों तक नहीं फैली, वरना नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।