गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की शाम चुनावी दौरे से गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर शीश नवाया। वहां से वह अपने आवास पर चले गए। सोमवार की सुबह वह चुनावी अभियान के लिए निकलेंगे।
लगातार चुनावी अभियान में जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को चार चुनावी सभा को संबोधित किया। सबसे पहले वह मिर्जापुर पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उसके बाद वह चंदौली में केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय के संसदीय क्षेत्र पहुंचे। वहां चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वह गाजीपुर पहुंचे। वहां से गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। सभा के बाद गोरखनाथ मंदिर पहुंचे।
सोमवार को मुख्यमंत्री पांच जगहों पर जनसभा को संबोधित करेंगे। मंदिर सूत्रों के अनुसार योगी सोमवार की सुबह मंदिर से 10:30 बजे चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे। वह घोसी, बलिया, राबर्ट्सगंज, वाराणसी में सभा के अलावा अधिवक्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।