डीएम-एसएसपी ने तैयारियों की ली जानकारी, पांच अप्रैल को दोपहर बाद गोरखपुर आ रहे हैं सीएम योगी
गोरखपुर। ताल रिंग रोड का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री वहीं से रामगढ़ताल का भी निरीक्षण करेंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बृहस्पतिवार को डीएम और एसएसपी ने मौके पर जाकर जीडीए उपाध्यक्ष के साथ तैयारियों की जानकारी ली।
पांच अप्रैल को गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री का काफिला एयरपोर्ट से सीधे मोहद्दीपुर स्थित आरकेबीके एजेंसी के बगल से शुरू हो रहे ताल रिंग रोड मोड़ पर पहुंचेगा। वहां फीता काटकर सड़क का उद्घाटन करने के बाद सीएम पैदल ही फुटपाथ पर टहलकर सड़क व ताल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद काफिला आगे बढ़ेगा। इसे देखते हुए दो दिन से सफाई व अन्य तैयारियां तेजी से पूरी कराई जा रही हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी गौरव ग्रोवर, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन और प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने मोहद्दीपुर, रिंग रोड, कार्निवाल पार्क, गोरक्ष एन्क्लेव और वॉटर पार्क तक के सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।