गोरखपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा गोरखपुर में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित हो रहे 70वें राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। डीडीयू में आयोजित हो रहे इस अधिवेशन में 24 को सुबह 11 बजे से समापन सत्र शुरू होगा। सीएम इस वर्ष के लिए यशवंत राव केल्कर पुरस्कार के लिए चुने गए ठाणे के दीपेश नायर को यह सम्मान प्रदान करेंगे।
इधर, एबीवीपी ने अधिवेशन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है। राष्ट्रीय समेत कई प्रांतों के पदाधिकारी गोरखपुर में रहकर तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दे रहे हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय संगठन मंत्री समेत कई बड़े पदाधिकारी भी गोरखपुर पहुंच जाएंगे। शुक्रवार को ही अंतिम तैयारी बैठक भी है।
आयोजन स्थल गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा संकुल में पंडाल तैयार हो गया है। अब 15 से 18 नवंबर तक सजावट का कार्य होगा। प्रस्ताव समिति और संचालन समिति की बैठक 17 और 18 को होगी। इसके बाद 19 को केंद्रीय टीम की बैठक है। केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक 20 को होगी। राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 21 को होगी। उसी दिन शाम पांच बजे महंत अवेद्यनाथ मंडप में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। मध्य प्रदेश के महेश्वर से निकली रथ यात्रा भी 21 को ही गोरखपुर पहुंच जाएगी। अधिवेशन का शुभारंभ 22 को पूर्वाह्न 11 बजे से होगा। इसमें मुख्य अतिथि जोहो कॉरपोरेशन के संस्थापक व सीईओ श्रीधर वेम्बु मुख्य अतिथि होंगे।
...
लघु भारत का होगा दर्शन
एबीवीपी के गोरक्ष प्रांत के मंत्री मयंक राय ने बताया कि इस अधिवेशन में लघु भारत का दर्शन होगा। अद्भुत प्रदर्शनी देखने को मिलेगी। इसे लेकर हर स्तर पर बारीकी से तैयारियां की जा रही हैं।