गोरखपुर। इंदिरा बाल विहार पर चटोरी गली के निर्माण की वजह से बृहस्पतिवार को वहां की दुकानें बंद रहीं। सड़क पर सीवर लाइन डालने के बाद चैंबर का निर्माण हो रहा है। इसकी वजह से आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। कोई ग्राहक इसमें गिरकर चोटिल न हो जाए इसके लिए दुकानदारों ने तीन दिन के लिए दुकानों को बंद कर दिया है। रविवार से दोबारा दुकानें खुल जाएंगी।
बाल विहार पर निर्माण कार्य की वजह से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही थी। कार्य कर रही फर्म ने सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई कर मिट्टी को सड़क पर रखा है। इसकी वजह से बाइक से आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। दो दिन से कार्यदायी संस्था ने वहां पर बैरिकेडिंग कर दी है। बाइक आने-जाने का रास्ता बंद है। वहां खाने-पीने की दुकानों पर काफी भीड़ होती थी। ऐसे में कोई ग्राहक गिरकर चोटिल न हो जाए। इसके लिए दुकानदारों ने दुकान बंद कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह से ही दुकानें बंद हैं। अब यह रविवार की सुबह खुलेंगी। निर्माण कर रही फर्म दिन-रात काम में जुटी है।
इंदिरा बाल विहार के सुंदरीकरण में सबसे पहले सीवर लाइन डालने का काम था। सीवर लाइन डालने के साथ ही यहां सड़क और फुटपाथ बनेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि सीवर लाइन डालने का काम जल्द पूरा हो जाएगा। उसके बाद सड़क और फुटपाथ बनाया जाएगा। मौके पर मौजूद इंदिरा गांधी और वीर बहादुर सिंह के प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण भी इसी परियोजना का हिस्सा है। दाहिनी तरफ पार्क के सामने की खाली जमीन पर कुछ कियोस्क बनाने के साथ ही लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाए जाएंगे। इन सभी कार्यों पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। मार्च 2025 में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।