गोरखपुर। राजस्थान में सहजनवां इलाके की रीता देवी को बेचने के आरोप में गोरखनाथ क्षेत्र के बनकटवां निवासी जितेंद्र को बृहस्पतिवार को पुलिस ने पकड़ लिया। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली थाने से जितेंद्र वांछित है। गोरखनाथ पुलिस आरोपी को शुक्रवार को संतकबीरनगर के कोतवाली पुलिस को सौंप सकती है।
दरअसल, सहजनवां इलाके के मिनवा टिकरिया की रीता की तहरीर पर कोतवाली थाने में बिलंदपुर की राजमति, बनकटवा के जितेंद्र और राजस्थान के महावीर व सीताराम पर केस दर्ज किया गया है। इस मामले में राजमति को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को जेल भिजवा दिया है। राजस्थान के दोनों आरोपियों की तलाश चल रही है।
मुझे फंसाया जा रहा है: जितेंद्र
खलीलाबाद की कोतवाली पुलिस ने गोरखनाथ पुलिस को जितेंद्र का लोकेशन दिया था। इस आधार पर सर्विलांस की मदद से गोरखनाथ पुलिस ने जितेंद्र को पकड़ लिया। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसे फंसाया जा रहा है। उसने कभी ऐसा काम नहीं किया है। इसके बाद पुलिस ने राजमति से संबंध के बारे में पूछा तो वह इधर-उधर की बातें करने लगा।
घर में दुबका रहा राजमति का परिवार
तिवारीपुर क्षेत्र के बिलंदपुर स्थित घर में राजमति का परिवार दिनभर दुबका रहा। सुबह घर के आस-पास के लोग राजमति की करतूत की चर्चा करते रहे। कोई बाहर सवाल न करे, इस डर से घरवाले बाहर निकलने से बचते रहे।
असमंजस में गोरखनाथ पुलिस
खलीलाबाद की कोतवाली पुलिस पूरा केस गोरखपुर ट्रांसफर करने की तैयारी कर रही है। इस वजह से गोरखनाथ पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर दिनभर संशय में रही। बृहस्पतिवार को ही केस ट्रांसफर होना था, जो देर शाम तक नहीं हो पाया। इसलिए पुलिस भी आरोपी से ठीक से पूछताछ नहीं कर पाई। ऐसा माना जा रहा है कि जितेंद्र को शुक्रवार को गोरखनाथ से ही चालान किया जा सकता है। दोनों जिले के अधिकारी भी इसको लेकर दिनभर बातचीत करते रहे।
10 लाख में सौदा करने वाली राजमति को खलीलाबाद पुलिस ने जेल भेजा
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने अपहरण करके छिपाने, विवाह कराने, मारपीट की धमकी मामले में गोरखपुर की आरोपी महिला राजमति से पूछताछ कर बृहस्पतिवार को उसे जेल भिजवा दिया। पीड़ित रीता ने बताया है कि राजमति पत्नी शिवलाल व जितेंद्र से जुलाई 2024 में मुलाकात हुई थी। आठ जुलाई को आरोपी उसे राजस्थान लेकर गए। आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। पहले दिल्ली में बीयर बार में बेचने की कोशिश की और फिर राजस्थान में महावीर नाम के व्यक्ति के साथ जबरन शादी का सौदा करके भाग आए। होश में आने के बाद वह वापस आना चाही तो महावीर ने उसको जबरदस्ती घर में बंद कर दिया। महावीर व उसके भाई सीताराम ने जान से मारने की धमकी दी। छोड़ने के लिए दस लाख रुपये मांगने लगे। कहा कि राजमति और जितेंद्र ने उसे दस लाख रुपये में बेचा है। सीओ कोतवाली अजीत चौहान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करके आरोपी राजमति को जेल भिजवा दिया है। संवाद