भटहट। गुलरिहा थाना क्षेत्र के पटेल स्मारक इंटर काॅलेज के मैदान में बुधवार को केक काटने के दौरान हुड़दंग किया। आरोप है कि करीब 25 युवक तलवार से केक काटने के बाद नकली असलहा लेकर डांस करने लगे। वहीं, कुछ युवक रील बना रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके से 10 बाइक बरामद कर भटहट चौकी लाकर सीज कर दिया।
नए साल वर्ष का जश्न मनाने के लिए युवक बाइक लेकर पटेल स्मारक इंटर काॅलेज के खेल मैदान में पहुंचे थे। पहले तो सभी युवकों ने बाइक से पूरे मैदान में रेस लगाई। इसके बाद एक जगह बाइक को खड़ा किया और केक रखकर तलवार से काटा। वहीं कुछ हाथ में नकली असलहा लेकर लहराते हुए डांस करने लगे। हुड़दंग से परेशान पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी भटहट समेत अन्य पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो युवक भाग गए। छूटी बाइक को पुलिस ने सीज किया।