गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के कूड़ाघाट से तीन साल पहले चोरी हुई बाइक का चालान कटने से वाहन मालिक की परेशानी बढ़ गई है। चालान का मैसेज मोबाइल पर आने के बाद वाहन मालिक को जानकारी हुई।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पंजीयन निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र दिया था। लेकिन, इस संदर्भ में कोई कार्रवाई नहीं हुई। महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के मुजुरी में रहने वाले देवानंद शहर के कूड़ाघाट में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी बाइक मार्च 2023 में चोरी हो गई थी। उन्होंने घटना की सूचना कैंट थाना पुलिस को दी। पुलिस ने बाइक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन बाइक नहीं मिली। इसके बाद बीमा की प्रक्रिया पूरी करके देवानंद ने दूसरी बाइक खरीद ली। चार जून की सुबह लगभग 10 बजे उनके मोबाइल पर चालान कटने का मैसेज आया। उन्होंने पता किया तो मालूम हुआ कि तीन सवारी में चालान हुआ है। इस संबंध में सहायक संभागीय अधिकारी प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि एफआईआर के साथ प्रार्थना पत्र प्राप्त होने पर बाइक का पंजीकरण नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाएगा।