सड़क किनारे अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
ट्रैफिक कंट्रोल रूम से होगी वाहनों की निगरानी
गोरखपुर। गोलघर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस इन कैमरों को लगवाएगी। ट्रैफिक कंट्रोल रूम से कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। कैमरे की जद में यदि कोई वाहन नो पार्किंग एरिया में खड़ा दिखाई दिया तो उसका चालान कर दिया जाएगा।
गोलघर में फिलहाल आईटीएमएस के कैमरे से ही वाहनों का चालान किया जाता है। इसके अलावा सड़क किनारे नो पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग नहीं की जाती है। अब नो पार्किंग एरिया की मॉनिटरिंग के लिए ट्रैफिक पुलिस अलग-अलग जगहों पर कैमरे लगवाने जा रही है। इसके लिए स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। इसके अलावा पूरे गोलघर क्षेत्र की निगरानी के लिए एक टी थ्री ड्रोन लगाया जाएगा। यह ड्रोन एक टॉवर की तरह काम करेगा। यानी इसे हवा में उड़ाकर तार की मदद से रोक दिया जाएगा। इसकी जूम की क्षमता अन्य ड्रोन के मुकाबले अधिक होगी। कंट्रोल रूम से इसकी निगरानी की जाएगी। ड्रोन की सहायता से नो-पार्किंग में खड़े वाहन और ट्रैफिक संचालन में बाधा बन रहे वाहनों का चालान किया जाएगा। कहीं पर ट्रैफिक ब्लॉक होने पर टीम तत्काल वहां पहुंच जाएगी।
एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे और टी थ्री ड्रोन की मदद से पूरे इलाके की निगरानी की जाएगी। दुकानदारों और नागरिकों से अपील है कि वे वाहनों को जलकल परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़ा करें।