गोला। थाना क्षेत्र के हटवा गांव में सोमवार की रात चोरों ने चंद्रवती देवी के घर का ताला तोड़कर नकदी समेत ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। चंद्रावती देवी ने बताया कि उनके पति बाहर गए हुए हैं। घटना के समय घर में केवल वह, उनकी बहू प्रियंका और दो छोटे नाती ही थे।
रात करीब 12 बजे दवा खाकर वह बरामदे में तख्त पर सो गईं जबकि बहू बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी। सुबह करीब चार बजे जब बहू प्रियंका उठी तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दो कमरे खुले और संदूक के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि संदूक में रखी दो सोने की अंगूठी, दो चेन, दो झुमके, तीन मंगलसूत्र, दो मांगटीका, दो पायल और 10,000 रुपये नकद गायब थे। चंद्रावती देवी ने आशंका जताई कि चोरों ने घर के लोगों को कुछ सुंघाकर बेहोश कर चोरी को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची गोला पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाप्रभारी राहुल शुक्ला का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।