कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म व एससी-एसटी का दर्ज किया है केस
सहजनवां। क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने पाली ब्लाॅक के पूर्व प्रमुख कुंवर सिंह, भाई अजीत सिंह समेत अन्य दो लोगों पर केस दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म और एससी-एसटी का केस दर्ज पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोर्ट में दिए गए आवेदन पत्र में बताया था कि वह नाबालिग पुत्री के साथ पति से अलग रहती है। वर्ष 2011 में पाली ब्लाॅक के पूर्व ब्लाक प्रमुख ने नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण किया। उनके नाम का सिंदूर लगाने लगी तो पूर्व प्रमुख ने उसके नाम से चार डिसमिल भूमि बैनामा कर दी। मैरेज हाॅल में पत्नी के रूप में रखने लगे। आरोप लगाया कि इसी बीच वर्ष 2022 में पूर्व प्रमुख के भाई मैरेज हाॅल के मैंनेजर व एक अन्य ने मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। थाने पर शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट का सहारा लिया। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी की कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद सहजनवां पुलिस ने शनिवार को पूर्व ब्लाॅक प्रमुख कुंवर सिंह, उनके भाई अजीत सिंह, मैरेज हाल के मैनेजर व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया।