गोरखपुर। सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से जालसाजी करने के आरोप में लखनऊ के एकरा अस्पताल के संचालक कलाम और उसके दोस्त आजमगढ़ निवासी ओबैदुल्लाह पर शाहपुर थाने में जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। शाहपुर निवासी पीड़ित मेहताब आलम ने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। इसके बाद मंगलवार को शाहपुर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
शाहपुर के गीता वाटिका घोषीपुरवा निवासी महताब आलम ने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि दोस्त के साथ वह लखनऊ के एकरा मेडिकल सेंटर गए थे। वहां दोस्त का मेडिकल होना था। जब वहां पहुंचे तो दोस्त ने बताया कि सऊदी जाना है। आरोप है कि तभी एकरा अस्पताल के संचालक कलाम ने कहा कि उसका एक जानने वाला है, जिसका नाम ओबैदुल्लाह है। वह आजमगढ़ के आलमपुर अंबारी का रहने वाला है। वह लोगों को सऊदी अरब भेजता है। उसने मोबाइल नंबर भी दिया।
महताब ने बताया कि उन्होंने अपना और भाई तौसीर आलम का भी मेडिकल कराया। ओबैदुल्लाह ने पासपोर्ट, वीजा व अन्य खर्च जोड़कर कुल 1.45 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद पासपोर्ट आया तो उसमें मुंबई का पता था। बात करने पर ओबैदुल्लाह ने पहचानने से इनकार कर दिया। जान से मारने की धमकी दी।