कैंट इलाके के मैकेनिक की पत्नी ने जनरेटर की खराबी को ठीक कराकर 2.49 लाख हड़पने का लगाया आरोप
गोरखपुर। कैंट थाने के कालेपुर पैडलेगंज निवासी महिला मुन्नी सिंह ने महाराजगंज के गड़ौरा निचलौल जेएचवी शुगर मिल के मुख्य प्रबंध निदेशक और निदेशक के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उनके मैकेनिक पति राजकिशोर सिंह से 200 और 500 केवीए का जनरेट ठीक कराने के बाद भुगतान नहीं किया गया। वाराणसी कैंट के होटल में भी जनरेटर की रिपेयरिंग और सर्विसिंग कराई की। करीब 2.49 लाख का भुगतान बकाया है। आरोपी उनके पति को भुगतान मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
कालेपुर पैडलेगंज निवासी मुन्नी सिंह ने तहरीर में बताया कि पैडलेगंज में दीपिका डीजल सेल्स एवं सर्विस के प्रोपराइटर पति राजकिशोर सिंह हैं। पति जनरेटर रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। 12 अक्तूबर 2024 को महाराजगंज के गड़ौरा निचलौल जेएचवी शुगर मिल के मुख्य प्रबंध निदेशक जवाहर जायसवाल व निदेशक उनके पुत्र गौरव जायसवाल ने पति को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा कि शुगर मिल का 200 केवीए का जनरेटर खराब हो गया। पति ने जेएचवी शुगर मिल का 200 केवीए का जनरेटर ठीक किया। रिपेयरिंग,सर्विसिंग व पार्ट्स का बिल तीन लाख 53 हजार 746 रुपये हुआ। पति को मात्र दो लाख का भुगतान किए। इसके बाद मुख्य प्रबंधक निदेशक एवं निदेशक ने 500 केवीए का जनरेटर चेक करके रिपेयरिंग करने की बात कही। पति ने रिपेयरिंग कर दिया। बिल 61 हजार 480 रुपये हुआ। पति को सिर्फ 36,659 रुपये का भुगतान किया।
इसके बाद दोनों आरोपियों ने वाराणसी के कैंट के होटल रामड़ा प्लाजा के जनरेटर की रिपेयरिंग कराई। बिल 1,69,816 रुपये का हुआ। इसमें से उन लोगों ने एक लाख रुपये का भुगतान कर दिया। कुल मिलाकर करीब 2.49 लाख रुपये नहीं दिए। आरोप है कि 9 अप्रैल को बकाया मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। 26 मई को कैंट थाने की पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जांच कराने के बाद बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया। कैंट थानाध्यक्ष संजय कुमार ने केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।