गगहा। वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कडहाचक गांव के पास ट्रेलर में पीछे से आ रही बस टकरा गई। हादसा ट्रेलर चालक के अचानक ब्रेक लगाने के चलते हुआ। टक्कर के बाद बस ट्रेलर के पीछे फंसकर 200 मीटर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में बस में सवार एक यात्री को चोट आई, बाकी सब लोग सुरक्षित बच गए। मौका देख ट्रेलर का चालक वाहन लेकर भाग निकला।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बड़हलगंज की तरफ से एक ट्रेलर आ रहा था। उसके ठीक पीछे रोडवेज की बस आ रही थी। हाइवे पर कडहाचक के पास अचानक ट्रेलर चालक ने ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे से आ रही बस ट्रेलर से टकरा गई। ट्रेलर के हुक में बस का क्षतिग्रस्त हिस्स फंस गया। इसके चलते ट्रेलर बस को लगभग 200 मीटर तक खींचते हुए ब्लाक मुख्यालय के पास पहुंच गई। ट्रेलर चालक ने गाड़ी रोकी तो बस में सवार यात्री कूदकर भागने लगे। इस दौरान एक यात्री घायल हो गया, वहीं छह-सात लोगों को हल्की चोट आई। ट्रेलर चालक ने बस में फंसे हुक छुड़ाया और गाड़ी समेत भाग निकला। एसओ गौरव वर्मा ने बताया की घायल राम समुझ निवासी कल्याणपुर बांसगांव को एम्बुलेंस से सीएचसी गगहा लाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के बाद छोड़ दिया।