जमीन की खरीद-फरोख्त में जालसाजी के दो से अधिक केस वालों की बनाई सूची
एसएसपी के निर्देश पर थानेदारों ने बनाई सूची, प्रशासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
गोरखपुर। जिले में जमीन की खरीद-फरोख्त में जालसाजी से जुड़े केस के आधार पर 18 नए भू माफिया की पहचान थाने स्तर पर की गई है। अब इनके खिलाफ एक रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजने की तैयारी है। सूची में शामिल भू माफिया पर कार्रवाई प्रशासन तय करेगा।
वर्तमान में जमीन की खरीद-फरोख्त में जालसाजी के सबसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ ही सीएम के जनता दर्शन कार्यक्रम में भी पहुंचने वाली अधिकतर शिकायतें जमीन से जुड़े मामलों की जालसाजी और अवैध कब्जे को लेकर होती हैं। पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। केस दर्ज किया जा रहा है और गिरोह सामने आने पर जिलाधिकारी से अनुमोदन लेकर गैंगस्टर भी लगाया जा रहा है।
ये जालसाज रिकॉर्ड में रहें ताकि आने वाले समय में भी पुलिस की उन पर नजर रहे इसके लिए उन्हें भू माफिया की श्रेणी में रखने की तैयारी है। इसके लिए ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है, जिन पर जमीन की खरीद-फरोख्त में जालसाजी के दो से अधिक केस दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने जिले के सभी थानेदारों से ऐसे जालसाजों की सूची मांगी थी। सूत्रों के मुताबकि पहली सूची एसएसपी के पास पहुंच गई है जिसमें 18 जालसाजों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें पुलिस भू माफिया की श्रेणी में रख रही है।