कैंपियरगंज के मिरिहिरिया के राप्ती नदी तट पर मंगलवार को नहाने के दौरान डूब गईं थीं तीनों
बुधवार को राप्ती नदी से मिले तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
कैंपियरगंज(गोरखपुर)। इलाके के मिरिहिरिया गांव से गुजर रही राप्ती नदी में नहाने के दौरान डूबीं तीन किशोरियों के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों के शव को खोजा। तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, कैंपियरगंज के मिरिहिरिया गांव के पास राप्ती नदी में मंगलवार अपराह्न तीन बजे दो सगी बहन आफरीन (16), साबरीन (14) और उनकी तीन चचेरी बहन नाजिया (12), सकीना (25) और नजरिन (13) एक दुधमुहे बच्चे के साथ नहाने गईं थीं। आफरीन, साबरीन, नाजिया और सकीना नहाने के लिए एक साथ नदी में उतर गईं। जबकि नजरिन (13) दो वर्ष के बच्चे को लेकर नदी के किनारे बैठ गई।
घटना की चश्मदीद नजरिन ने बताया नहाने के दौरान अचानक से चारों गहरे पानी चली गईं और डूबने लगीं। इस पर शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। शोर सुनकर कोनी गांव के किनारे मछली पकड़ रहे मछुआरे नाव से पहुंचे और डूब रही सकीना को बचाकर नदी से बाहर निकाला। अभी वह अन्य तीन किशोरियों को बचाने के लिए जा ही रहे थे कि तीनों नदी में डूब गईं। इसी बीच सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों व मछुआरों की सहायता से नदी में डूबी किशोरियों की तलाश में जुट गई। हालांकि रात होने की वजह से रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह पुलिस ने एसडीआरएफ के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी से तीनों किशोरियों का शव ढूंढ निकाला। तीनों किशोरियों का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।