प्रदेश अध्यक्ष ने घर पहुंचकर पार्टी का झंडा समर्पित कर जताई शोक संवेदना
दोपहर बाद राप्ती नदी के किनारे किया गया अंतिम संस्कार
गोरखपुर। भाजपा के महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव (55) का बुधवार सुबह निधन हो गया। जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त की। दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी पहुंचे और पाटी का झंडा समर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। दोपहर बाद राप्ती नदी के किनारे अंतिम संस्कार किया गया।
शहर के अलवापुर मोहल्ला निवासी देवेश श्रीवास्तव (55) बीते मार्च में महानगर अध्यक्ष बने थे। भाजपा की सियासत इन्हें विरासत में मिली थी। पिता उमेश चंद श्रीवास्तव भी भाजपा के महानगर अध्यक्ष रह चुके थे। उनका भी निधन अध्यक्ष रहते हो गया था। देवेश को भाजपा में बूथ स्तर की जिम्मेदारी संभालने के बाद वार्ड अध्यक्ष, फिर महानगर इकाई में मंत्री और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा चुकी थी।
पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि देवेश हर रोज सुबह स्नानकर मानसरोवर मंदिर जाते थे। वहां से लौटकर घर में पूजा करते थे। बुधवार को भी मंदिर से लौटकर घर आए। यहां पूजा के बाद उन्हें कुछ दिक्कत महसूस हुई तो घरवालों को आवाज लगाई। जब तक घरवाले कुछ समझ पाते वह कमरे में गिर पड़े। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
कुछ ही देर में जानकारी होने पर भाजपा नेताओं और शहर के अन्य लोगों को हुई तो उनके घर पहुंचने वालों का तांता लग गया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने घर पहुंचकर पार्टी का झंडा देकर शोक संवेदना जताई। इसके बाद देवेश की अंतिम यात्रा शुरू हुई। राप्ती तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई विश्वेश श्रीवास्तव ने मुखाग्नि दी। देवेश की एक अविवाहित बेटी है।
उनके अंतिम संस्कार में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, वन मंत्री अरुण सक्सेना, सांसद रविकिशन, मेयर मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, सत्या पांडे, सीताराम जायसवाल, कुशीनगर के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय आदि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूरभाष पर उनके छोटे भाई से बातचीत कर ढांढस बंधाया। कहा कि देवेश श्रीवास्तव के निधन से पाटी को बड़ा झटका लगा है। हमने अपना एक सहयोगी और अच्छा संगठनकर्ता खो दिया है। वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। पूरी पार्टी परिजनों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।