शास्त्री चौक स्थित बिरयानी वे रेस्टोरेंट में वेज खाने में हड्डी मिलने की शिकायत पुलिस से हुई
गोरखपुर। शास्त्री चौक स्थित बिरयानी वे रेस्टोरेंट में वेज थाली में हड्डी मिलने के मामले में गोरखपुर विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों ने पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि हड्डी मिलने के प्रकरण को छिपाने के लिए रेस्टोरेंट संचालक युवकों को ही बदनाम कर रहे हैं। एसपी सिटी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए रेस्टोरेंट की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र लिखने का आश्वासन दिया है।
बीते 31 जुलाई की रात डीडीयू के कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारी शास्त्री चौक स्थित बिरयानी वे रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। आरोप है कि वहां शाकाहारी थाली में हड्डी का टुकड़ा मिला था। इससे नाराज छात्रों ने हंगामा किया था। अगले दिन रेस्टोरेंट के मालिक ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसमें यह बताया गया था कि युवकों के एक साथी ने ही वेज थाली में हड्डी डाली थी।
इस मामले को लेकर छात्रों ने एसपी सिटी से मुलाकात कर कहा था कि प्रबंधन की तरफ से जारी वीडियो में जिसे हड्डी बताया जा गया है, असल में वो मिर्ची है, जो दूसरे वीडियो में साफ दिख रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने इस रेस्टोरेंट की जांच खाद्य सुरक्षा विभाग से करवाने के लिए पत्र भेजने की बात कही है।