गोरखपुर। कैंट और खोराबार इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन लूट लिया। दोनों ही जगहों पर बदमाशों की संख्या तीन थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, कैंट इलाके के दाउदपुर में बृहस्पतिवार की रात 11 बजे बाइक सवारों ने गगहा निवासी योगेश तिवारी का मोबाइल फोन लूट लिया। योगेश ने अपनी दादी को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। रात में वह दवा लेने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश मोबाइल फोन छीन कर भाग गए। दूसरी घटना खोराबार के डांगीपार में सामने आई। डुहिया निवासी स्वराज यादव बुधवार की शाम करीब छह बजे डांगीपार चौराहा स्थित बाजार में खरीदारी करने गए थे। वह मोबाइल फोन से बात कर रहे थे कि उसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और झपट्टा मारकर फोन छीनकर भाग गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मोबाइल फोन बरामद कर लिया जाएगा।