कोतवाली थाने में महिला ने दी तहरीर, केस दर्ज करके जांच कर रही पुलिस
गोरखपुर। गोरखनाथ ओवरब्रिज पर शुक्रवार शाम महिला के गले से चेन एक बाइक सवार युवक खींचकर भाग गया। महाराष्ट्र के पालघर, वसई (पूर्व) के आचोले इलाके की रहने वाली महिला इंद्रावती देवी अपनी बहन से मिलने गोरखपुर आई हैं। महिला की तहरीर पर केस दर्ज करके सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से पुलिस छानबीन कर रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर में इंद्रावती ने लिखा है कि शुक्रवार शाम 7:30 बजे वह गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास पहुंचीं, तभी एक बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन खींच लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवार झपट्टामार को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भीड़ को चकमा देकर धर्मशाला बाजार की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर गोरखनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।