हरपुर बुदहट में सड़क हादसे में महिला की मौत से भड़के थे परिजन
सीओ गीडा ने समझाकर कराया शांत
हरपुर बुदहट। थाना क्षेत्र के कटसहरा बाजार में 22 अक्तूबर को सड़क हादसे में घायल सुरसी गांव निवासी सावित्री देवी (65) की मौत के बाद रविवार को परिजन आक्रोशित हो उठे। शव को थाने के बाहर रखकर सड़क जाम और प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से मामला शांत हो गया।
सूचना पर पहुंचे सीओ गीडा कमलेश सिंह ने परिजनों को समझाया। निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर लौट गए और आमी नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया।
22 अक्तूबर को सावित्री देवी अपने बेटे अविनाश के साथ बाइक से सहजनवां थाना क्षेत्र के मईला गांव जा रही थीं। रास्ते में कटसहरा बाजार के पास क्षेत्र के ही एक राइस मिलर की चार पहिया गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अविनाश को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल कॉलेज भिजवया, जहां 24 अक्तूबर की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने मुआवजे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शव को पिकअप पर रखकर थाने के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन की कोशिश की। कुछ ही देर में मौके पर सीओ गीडा कमलेश सिंह, थानाध्यक्ष विवेक मिश्रा और सहजनवां, गीडा व सिकरीगंज थाने की फोर्स पहुंच गई। सीओ ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
कोट
दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत से मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
- कमलेश सिंह, सीओ गीडा