कैंपियरगंज थाने में केस दर्ज करके पुलिस ने 10 को हिरासत में लिया
कैंपियरगंज। एक गांव में छेड़खानी के मामले में सुलह के लिए मनबढ़ों ने मंगलवार सुबह केस के पैरोकार पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने सोमवार की रात में घर पर चढ़कर पथराव और हवाई फायरिंग करके दहशत फैलाई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। बुधवार को 10 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात की गई है।
एक गांव के रहने वाले पीड़ित ने कैंपियरगंज पुलिस को बताया कि पिछले साल अलेनाबाद गांव के रामपुर नंबर एक में रहने वाले अखिलेश यादव, सचिन यादव, अंशु गुप्ता और रामकेवल के खिलाफ घर की महिला के साथ छेड़खानी व मारपीट के आरोप में केस दर्ज कराया था। इस केस में मुख्य पैरोकार होने की वजह से आरोपी लगातार समझौता करने का दबाव बना रहे हैं।
27 जनवरी की रात नौ बजे आरोपियों ने अपने साथी अवनीश यादव और 10-12 अन्य लोगों के साथ मिलकर घर पर चढ़कर हमला बोल दिया। सभी लाठी, डंडा और असलहा लेकर पहुंचे थे। घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। घर पर ईंट-पत्थर फेंकने के बाद आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर चले गए। मंगलवार सुबह 11 बजे थाने पर जाने के लिए घर से निकला तो रास्ते में आरोपियों ने घेरकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान अखिलेश यादव ने असलहा निकालकर गोली चला दी, लेकिन संयोगवश नहीं लगी। इसके बाद हमलावर भाग गए। इधर, तहरीर के आधार पर कैंपियरगंज पुलिस ने अखिलेश यादव, सचिन यादव, रामकेवल, अंशु गुप्ता, बुद्धिराम और 10-12 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया। कैंपियरगंज थाना प्रभारी का कहना है कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।