- क्षेत्र के ग्राम मऊ बुजुर्ग स्थित रामा बाबा मंदिर से राम-सीता व लक्ष्मण की दशक पुरानी थीं मूर्तियां
- डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने की जांच, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बांसगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ बुजुर्ग स्थित रामा बाबा मंदिर से बुधवार रात अज्ञात चोर श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर के गर्भगृह पहुंचे तो उन्होंने मूर्तियां गायब देखीं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर में स्थापित तीनों मूर्तियां अष्टधातु की और कई दशक पुरानी थीं। इसकी नियमित पूजा-अर्चना की जाती थी। मूर्तियाें की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात किसी संगठित मूर्ति तस्कर गिरोह ने अंजाम दी है, जो प्राचीन और मूल्यवान मूर्तियों को निशाना बनाता है। चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए। वारदात के बाद इलाके में आक्रोश के साथ भय का माहौल है।
क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि खिचड़ी मेले की ड्यूटी के बावजूद घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। टीमों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मंदिर तक आने-जाने वाले रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।