दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज में अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता का फाइनल सम्पन्न
सभी प्रतिभागियों को मिला प्रशस्ति पत्र और फाउंडेशन की किताबें, सात-सात खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार
गोरखपुर। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में अमर उजाला की ओर से आयोजित शतरंज प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-12 वर्ग में आर्यन धनराज ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि शिवेंद्र द्वितीय और अभिनव ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे। बेस्ट गर्ल श्रेणी में समृद्धि मालवीय और आराध्या अग्रहरि को सम्मानित किया गया। वहीं, अंडर-18 वर्ग में आर्यन विजय गुप्ता ने पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि देव श्रीवास्तव दूसरे और सिद्धार्थ तीसरे स्थान पर रहे। बेस्ट गर्ल के रूप में प्रज्ञा मिश्रा और समीक्षा नायक को चुना गया। दोनों वर्गों में सात-सात खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
यह प्रतियोगिता पिछले डेढ़ माह से शहर के विभिन्न 50 स्कूलों में आयोजित की जा रही थी, जिसमें चार हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन विद्यार्थियों को फाइनल राउंड में मौका दिया गया, जिसमें लगभग 250 प्रतिभागियों ने अपनी चालों से दर्शकों को रोमांचित किया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश सिंह मौजूद रहे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर आजाद सिंह नरवार रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर शुक्ला और अजय तिवारी ने किया।
सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और फाउंडेशन की किताबें प्रदान की गईं। प्रतियोगिता का संचालन जिला शतरंज संघ के सचिव जितेंद्र सिंह की देखरेख में हुआ। शतरंज संघ की ओर से विनय जायसवाल, शशि प्रकाश, अमितेश आनंद, मनोरमा और निहाल मनजीत ने आर्बिटर की भूमिका निभाई।