सदर तहसील में लेखपालाें ने दिया धरना मुख्यमंत्री से रोक की मांग
गोरखपुर। सदर तहसील के लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के सदस्यों ने शनिवार को सदर तहसील में धरना दिया। उनकी मांग है कि लेखपालों को एंटी करेप्शन विजलेंस टीम द्वारा की जा रही जबरन ट्रैप की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। लेखपाल संघ का कहना है कि लखनऊ, गाजीपुर, कुशीनगर में लेखपालों को फर्जी तरीके से ट्रैप किया गया है। इस पर रोक लगाई जाए।
लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष धन्नजय श्रीवास्तव के निर्देश पर लेखपालों ने सदर तहसील में धरना दिया एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि लेखपाल राजस्व विभाग का फील्ड कर्मचारी है। इसका सीधा संबंध जनता से होता है। भूमि विवाद से संबंधित मामले उन लोगों के पास आते हैं। दो पक्षों के विवाद का निराकरण करने पर एक पक्ष असंतुष्ट होता है। इससे कई लोग लेखपालों से दुश्मनी साध लेते हैं। लेखपालों को क्षेत्र की राजनीति में घसीटा जाता है। विधि विरुद्ध कार्य कराने में असफल व्यक्ति लेखपालों को साजिश करके एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़वाने का प्रयास करता है। गाजीपुर, लखनऊ कुशीनगर की घटना इसका उदाहरण है। लेखपाल संघ की मांग है कि सरकार इस पर रोक लगाए तथा लेखपालों का उत्पीड़न बंद किया जाए। इस अवसर पर राजू सिंह, हरिप्रकाश श्रीवास्तव, जगदीश प्रसाद, रामनगीना पटेल, संदीप कुमार यादव व अन्य मौजूद रहे।