हादसे के वक्त बाइक में हवा भरा रहे थे दोनों युवक
सहजनवां। थाना क्षेत्र के भीटी रावत चकिया तिराहे के पास अनियंत्रित ट्राला ने हाइवे किनारे बाइक में हवा भरा रहे दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
जानकारी के मुताबिक, गीडा सेक्टर- 26 स्थित कुल्हड़ फैक्ट्री के मालिक अजीत मल्ल (45) अपने सहयोगी अंकित तिवारी के साथ बाइक से सहजनवां स्थित अपने आवास पर जा रहे थे। रास्ते में हाईवे स्थित चकिया तिराहे पर अपनी बाइक में हवा भराने लगे। इस बीच बस्ती की ओर से तेज गति से आ रहा ट्राला अनियंत्रित होकर दूसरी लेन पर खड़े अजीत मल्ल और उनके साथी को कुचल दिया। हादसे में अजीत मल्ल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायल अंकित को उपचार के लिए सीएचसी, सहजनवां ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इधर, हादसे के बाद हाइवे पर जाम लग गया। करीब आधे घंटे बाद आवागमन सामान्य हो सका।
बाइक समेत ट्राला के नीचे फंस गए थे दोनों
हादसा इतना भयावह था कि दोनों बाइक समेत ट्राला में नीचे फंस गए। चकिया निवासी अरविंद के पंचर की दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर दो हाइड्रा के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाइक व युवकों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक अजीत की सांसें थम चुकी थीं। इस दौरान वहां भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई।