सिकरीगंज इलाके के बनकटी गांव के समीप है होटल, पुलिस ने ली तलाशी
देह व्यापार के नहीं मिले साक्ष्य, पुलिस कर रही मामले की जांच-पड़ताल
कुईं बाजार (गोरखपुर)। सिकरीगंज इलाके में बनकटी गांव के समीप एक होटल में देह व्यापार का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने होटल को घेरकर प्रदर्शन किया। हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल की जांच की, लेकिन देह व्यापार के साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि होटल में कई दिनों से युवक और युवतियां जाते-आते दिख रहे थे। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था। बृहस्पतिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने होटल को घेर लिया और प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। गांव के पास इस तरह के गलत काम को नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदर्शन की सूचना पर सिकरीगंज पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बातचीत कर ग्रामीणों को शांत कराया और इसके बाद होटल की तलाशी ली गई। हालांकि, होटल में देह व्यापार के किसी भी तरह के साक्ष्य पुलिस को मौके पर नहीं मिले और न ही कोई संदिग्ध मिला। जांच करने के बाद पुलिस लौट गई।
थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर होटल की जांच की गई, लेकिन मौके पर देह व्यापार से संबंधित साक्ष्य नहीं मिले हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।