''''अल्ट्रासाउंड इन पेन मेडिसिन : प्रिसीजन रीडिफाइंड'''' थीम के साथ एम्स गोरखपुर ने रचा इतिहास
नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और इंडोनेशिया से आए विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
गोरखपुर। एम्स गोरखपुर के एनेस्थीसिया, पेन मेडिसिन एवं क्रिटिकल केयर विभाग की ओर से पहली अंतरराष्ट्रीय पेन काॅन्फ्रेंस एवं वर्कशॉप का आयोजन शनिवार को किया गया। अल्ट्रासाउंड इन पेन मेडिसिन: प्रिसीजन रीडिफाइंड विषय पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला में देश-विदेश से आए चिकित्सकों ने अपनी राय रखी।
शुभारंभ एयर मार्शल संदीप थरेजा डीजीएमएस (एयर), एयर हेडक्वार्टर, नई दिल्ली ने बतौर मुख्य अतिथि किया। निदेशक कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने कहा कि यह न केवल एम्स गोरखपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विभाग की अकादमिक नेतृत्व क्षमता और पेन मेडिसिन के क्षेत्र में योगदान की सराहना की। एनेस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि ये सिर्फ एक काॅन्फ्रेंस नहीं बल्कि ज्ञान, कौशल और करुणा का संगम है। दर्द से मुक्ति कोई विलासिता नहीं बल्कि मानवाधिकार है। हमारा उद्देश्य इस क्षेत्र में साक्ष्य-आधारित पेन शिक्षा प्रणाली विकसित करना और युवा चिकित्सकों को प्रशिक्षित करना है।
इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अनुराग अग्रवाल ने इस आयोजन के लिए टीम को बधाई दी। काॅन्फ्रेंस में लगभग 100 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया और मालदीव से आए विशेषज्ञों ने भी इसमें हिस्सा लिया। कार्यक्रम में व्याख्यान, विशेषज्ञों के ‘हाउ एक्सपर्ट्स डू इट’ वीडियो सत्र, पोस्टर प्रस्तुतियां और अल्ट्रासाउंड गाइडेड दर्द उपचार तकनीकों पर एक दिवसीय हैंड्स-ऑन वर्कशॉप शामिल हैं। इस दौरान अल्ट्रासाउंड तकनीक से दर्द उपचार को अधिक सुरक्षित, सटीक और प्रभावी बना दिया है, विषय पर भी चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने न्यूरोमॉड्यूलेशन, कैंसर पेन मैनेजमेंट, रीजनरेटिव थेरेपी और एआई जैसे उभरते क्षेत्रों पर भी चर्चा की। डॉ. शर्मा ने इस अवसर पर पेन मेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. गौतम दास, डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. पंकज सुरांगे और डॉ. जीपी दूरेजा जैसे वरिष्ठ विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। कार्यकारी निदेशक डॉ विभा दत्ता ने बताया कि एम्स गोरखपुर का एनेस्थीसिया, पेन मेडिसिन एवं क्रिटिकल केयर विभाग देश के उन कुछ केंद्रों में से एक है जहां डीएम पेन मेडिसिन कोर्स संचालित किया जा रहा है।