एम्स के नए सुरक्षा गार्डों की कार्यशैली पर उठे सवाल
गोरखपुर (एम्स)। एम्स में तैनात किए गए भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम (डीजीआर) के सुरक्षा गार्डों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। नए गार्डों की नियुक्ति और पुराने कोर कंपनी के गार्डाें की सेवा समाप्ति के बाद दोनों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। नए गार्डों की लापरवाही से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक गार्ड ड्यूटी के दौरान सो रहा है।
वायरल वीडियो में एम्स की इमरजेंसी में तैनात एक डीजीआर सुरक्षा गार्ड पर्ची काउंटर के पास बने केबिन में दिन में ही खर्राटे लेते हुए देखा गया। नए सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी में शिथिलता को लेकर शिकायतें आ रही हैं। वाहन पार्किंग की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। दोपहिया और चार पहिया वाहन अस्पताल परिसर में मनमाने ढंग से पार्क किए जा रहे हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती। मामले में एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने कहा कि सुरक्षा एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि लापरवाह गार्डों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। एम्स की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।