रिश्ते की साली ने 19 जून को यौन शोषण का दर्ज कराया था केस
केस दर्ज होने के बाद सुलह के लिए ससुराल पहुंचा था आरोपी जीजा
घायल यौन शोषण का आरोपी जीजा का मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके में साली के यौन शोषण का आरोपी युवक केस दर्ज होने की जानकारी पर बृहस्पतिवार को ससुराल पहुंचकर माफी मांगने लगा। साली ने उसे माफ नहीं किया। इसके बाद युवक ने पहले जहर खाया और फिर खुद को चाकू से घोंपकर खुदकुशी करने की कोशिश की। गोरखनाथ पुलिस ने घायल युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही और आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अभिरक्षा में युवक का इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गीडा इलाके के बड़का जीतपुर निवासी बरखू निषाद पर 19 जून को गोरखनाथ थाने में रिश्ते की साली ने यौन शोषण का केस दर्ज कराया था। पीड़िता गोरखनाथ इलाके में रहती है। आरोप है कि बरखू के भाई से उसका प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी पर बरखू भी संबंध बनाने का दबाव बनाने लगे। उसने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी और कहा था कि शादी नहीं होने दूंगा। वह ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी है कि पीड़िता एक दिन प्रेमी से मिलने गई थी, जहां पर बरखू ने उसका यौन शोषण किया। लोकलाज के भय से पीड़िता ने इसकी शिकायत किसी से नहीं की।
आरोपी बरखू ने जब लगातार दबाव बनाने लगा तो पीड़िता गोरखनाथ थाने पहुंची। गोरखनाथ पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी थी। केस दर्ज होने की जानकारी होने पर बृहस्पतिवार की सुबह बरखू ससुराल पहुंच गया और पीड़िता को भी वहां बुलाया गया। बरखू ने माफी मांगते हुए दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की बात कही। इस पर पीड़िता ने माफ करने से इन्कार करते हुए जेल भिजवाने की बात कह दी। इसके बाद बरखू ने साथ लेकर आया जहरीला पदार्थ निगल लिया। अभी कोई कुछ समझ पाता, तब तक पास रखा चाकू अपने पेट में घोंप लिया। इसके बाद ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बरखू को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
..........
कोट
गोरखनाथ थाने में युवक पर यौन शोषण का केस दर्ज है। रिश्ते में साली लगने वाली युवती ने ही केस दर्ज कराया है। आरोपी माफी मांगने गया था, वहीं पर उसने जहर खाया और फिर चाकू से खुदकुशी की कोशिश की। युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा हे।
- रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ