चिलुआताल। झुंगिया बाजार में किराए के घर में रहने वाले पति ने पत्नी से झगड़े के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बेलघाट थाना क्षेत्र के गौरगंज निवासी मनोज (35) की शराब पीने की आदत की वजह से पत्नी पूजा से हर दिन झगड़ा होता था। परेशान होकर पूजा दो बच्चों के साथ गुलरिहा के झुंगिया स्थित मायके चली गई। गलती का अहसास होने पर मनोज भी वहां पहुंचा और झुंगियां कस्बे में ही किराए का कमरा लेकर पत्नी और बच्चों के साथ रहने लगा। दिन भर ऑटो चलाने के बाद रात में शराब पीकर आने लगा। बुधवार रात नशे में पत्नी और बच्चों को पीटने लगा। इसके बाद पत्नी पूजा फिर मायके चली गई। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे के आसपास पूजा बच्चों को स्कूल छोड़कर पति के पास कमरे पर आई। कमरा अंदर से बंद था, खुलवाने पर नहीं खुला तो शोर मचाया। आस-पास के लोग दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो मनोज पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था।