महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के करमहा खास गांव में ऋण की वसूली करने पहुंचे एक फाइनेंस कंपनी के दो कर्मियों पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
मनीष कुमार सिंह निवासी तेनुआरी अउल थाना कोतवाली जनपद संतकबीरनगर ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि वह अंकित भट्ट निवासी पुंडा थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर के साथ एलटी फाइनेंस कंपनी में कार्य करते हैं। दो फरवरी को ऋण वसूली करने के लिए गांव करमहा खास पहुंचे थे। जहां श्रवण और उनकी पत्नी अनुराधा, रामवचन गुप्ता और एक अन्य व्यक्ति उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। सदर कोतवाली थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय के अनुसार, तहरीर के आधार पर आरोपी श्रवण, अनुराधा, रामवचन सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।