चिलुआताल इलाके की घटना, हत्या का आरोप लगा रहे परिजन सीसीटीवी फुटेज देखने पर शांत हुए
बुधवार दोपहर ढाई बजे हुआ था हादसा, बृहस्पतिवार की भोर में युवक हुई मौत
गोरखपुर। चिलुआताल इलाके के नकहा ओवरब्रिज के पास चार पहिया वाहन में पीछे से टकराए स्कूटी सवार युवक की बृहस्पतिवार भोर में मौत हो गई। जबकि उसके साथी को मामूली चोट आई। मृतक के परिजनों ने साथी युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत की। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी टकराती हुई दिखने के बाद परिजन शांत हो गए। उन्होंने मामले में अभी चिलुआताल थाने पर तहरीर नहीं दी है।
पुलिस के मुताबिक, शाहपुर थाना क्षेत्र के राधिका कॉम्प्लेक्स असुरन निवासी 18 वर्षीय उत्कर्ष सिंह अपने साथी वृंदावन गोरखनाथ निवासी सूरज प्रजापति के साथ बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूटी से जा रहा था। बताया जा रहा है कि स्पोर्ट्स काॅलेज से गोरखनाथ वाली रोड पर रामजानकी नगर की तरफ कट पर स्कूटी पीछे से एक चार पहिया गाड़ी से टकरा गई। हादसे के बाद स्कूटी में आग लग गई। सूचना के बाद पहुंचे परिजन दोनों युवक को घर ले गए। उस समय दोनों को मामूली चोट लगने की बात कही जा रही थी। घर जाने पर उत्कर्ष की तबीयत खराब हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बृहस्पतिवार भोर में उसकी मौत हो गई। उत्कर्ष के परिजनों ने सूरज से संपर्क किया लेकिन वह नहीं आया तब उन्हें हत्या की आशंका होने लगी। उत्कर्ष के परिजनों ने शाहपुर थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी तक मामला पहुंचा तो उन्होंने जांच कराई। सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया तो मामला दुर्घटना का ही दिख रहा था।