48.39 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण कार्य, 95 प्रतिशत पूरा हुआ
टूरिज्म, होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए चलाए जाएंगे कोर्स
गोरखपुर। प्रदेश का पहला स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (एसआईएचएम) सितंबर 2025 में तैयार हो जाएगा। 48.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस शिक्षण संस्थान का निर्माण कार्य 95 प्रतिशत पूरा हो गया है। इस परियोजना का निर्माण कार्य 26 सितंबर 2023 को प्रारंभ हुआ था।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के कार्यालय के सामने निर्माणाधीन संस्थान में अगले शैक्षिक सत्र से होटल एंड टूरिज्म मैनजमेंट से जुड़े डिप्लोमा और डिग्री के पाठ्यक्रम संचालित होने लगेंगे। स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट का निर्माण सी एंड डीएस यूनिट-14 की ओर से कराया जा रहा है। वर्तमान समय में 38.42 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च कर 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। 25 सितंबर 2025 तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाना है। पहले चरण में दो ब्लॉकों में प्रशासनिक कक्ष, क्लास रूम, कॉमन हाल, किचन के अलावा अंडरग्राउंड पार्किंग, इलेक्ट्रिफिकेशन, फायर सेफ्टी, पाइपलाइन आदि के कार्य पूर्ण कराए जा रहे हैं। उप निदेशक पर्यटन राजेंद्र प्रसाद यादव बताते हैं कि स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट का निर्माण कार्य अगले माह (सितंबर) तक पूरा हो जाएगा। इस समय फिनिशिंग का काम पूरा किया जा रहा है।
हॉस्टल का भी निर्माण शुरू
शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। 46.81 करोड़ रुपये की लागत से हॉस्टल का निर्माण करवाया जाएगा। मई 2027 तक कार्य पूरा करा लिया जाएगा। ब्वायज हॉस्टल 128 बेड का और गर्ल्स हॉस्टल 84 बेड का होगा।