हेलमेट लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
विरोध पर व्यापारी को दी जान से मारने की धमकी
गगहा। थाना क्षेत्र के बड़गो गांव के पास बुधवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने भट्ठा संचालक विनोद राय के भांजे गिरिजेश से तमंचा सटाकर 2.40 लाख रुपये लूट लिए। विरोध पर जान से मारने की धमकी देकर बदमाश भाग गए। सूचना मिलते ही गगहा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
बांसगांव थाना क्षेत्र के बघराई निवासी विनोद राय बड़गो में ईंट भट्ठा संचालित करते हैं। विनोद राय के अनुसार, मंगलवार देर शाम उनके भट्ठे पर कोयले की सप्लाई दी गई थी। जिसका पेमेंट करने के लिए उन्होंने गोला के केशवापार चांडी निवासी भांजे गिरिजेश राय को कॉल कर घर से रुपये लाने के लिए कहा। गिरिजेश शाम करीब छह बजे रुपये लेकर जैसे ही बड़गो गांव के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद हेलमेट लगाए दो बदमाशों ने उन्हें रोककर असलहा सटा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने मोबाइल और बाइक की चाबी छीन ली। इसके बाद उनके जेब में रखे 2.40 लाख रुपये लूटकर भाग गए। वारदात की सूचना मिलते ही विनोद राय कोयला व्यापारी के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।
कोट
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। कोई संदिग्ध नहीं दिखाई दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- राजकरन नय्यर, एसएसपी
-
ग्रामीणों में आक्रोश
वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस उसे लगाम कसने में नाकाम साबित हो रही है। ग्रामीणों के मांग की कि पुलिस गश्त बढ़ाए और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करे। ताकि लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
बिना नंबर प्लेट की पल्सर से आए थे बदमाश
लूट के शिकार गिरिजेश राय ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार थे और हेलमेट लगाए सड़क किनारे खड़े थे। उनको आता देख दोनों बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते बदमाशों ने तमंचा सटा जान से मारने की धमकी दे दी थी। वारदात के बाद पुलिस इलाके में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी भी शुरू कर दी है।