पुलिस से शिकायत पर कार्यालय में बंधक बनाकर पीटा, दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने विदेश भेजने वाली कंपनी के डायरेक्टर समेत पांच के खिलाफ दर्ज कराया केस
गोरखपुर। सिंघड़िया के पास ऑफिस खोलकर बेरोजगारों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने गीडा निवासी महेंद्र यादव को कंबोडिया के होटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके 1.74 लाख रुपये ऐंठ लिए। रुपये व पासपोर्ट वापस मांगने पर पीड़ित को जालसाज ने साथियों के साथ मिलकर अपने कार्यालय में बंधक बनाकर पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हंसराज टेक्निकल ट्रेनिंग एंड टेस्ट सेंटर के संचालक गनेश चौहान, कर्मचारी विजेंद्र सिंह, संतोष दुबे, सुग्रीव यादव व भरत सिंह पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है।
गीडा के कालेसर निवासी महेंद्र यादव ने बताया कि रोजगार की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात छताई निवासी भरत सिंह से हुई। भरत सिंह ने कहा कि हंसराज टेक्निकल ट्रेनिंग एंड टेस्ट सेंटर के डायरेक्टर गनेश चौहान लोगों को विदेश भेजने एवं रोजगार दिलाने का काम करते हैं। गनेश व भरत सिंह अपने सह कर्मचारी से कहकर आपको अच्छे वेतन पर विदेश भिजवा देंगे। कुछ दिन बाद भरत सिंह की ओर से फोन करके अपने कार्यालय पर बुलाया गया। वहां पर आरोपियों से मुलाकात हुई। कहा कि आप ज्यादा पढ़े, लिखे नहीं है, इसलिए कंबोडिया के होटल में वेटर का काम दिलवा देंगे। वहां आपको वेतन मिलेगा, लेकिन वहां जाने के लिए कुल खर्च 1.74 लाख रुपये आएगा। इसके लिए तैयार हो गया और खेत रेहन रखकर रुपया दे दिया। रुपये व पासपोर्ट लेने के बाद पहले काफी दौड़ाया गया और बाद में बताया गया कि वीजा नहीं आया है, इसलिए वह विदेश नहीं जा पाएगा। कई महीनों तक टालने के बाद 22 जून 2024 को भरत सिंह के कार्यालय पर गया, जहां सभी लोग मिले तो रुपया व पासपोर्ट उनसे वापस मांगने लगा। इस पर उन लोगों ने दस दिन में रुपया वापस करने को कहा। 15 अप्रैल 2025 को कार्यालय पर बुलाया गया और गाली देते हुए कार्यालय में ही बंद कर दिए। इसके बाद मारपीट कर भगा दिए। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।