शाहपुर इलाके में रहने वाले व्यापारी के पास बैंककर्मी बनकर दिया था ऑफर
एपीके फाइल डाउनलोड कराने के बाद पूरा ब्योरा दर्ज कराया, फिर मोबाइल काम करना हो गया बंद
गोरखपुर। शाहपुर इलाके में रहने वाले व्यापारी अरुण कुमार शर्मा के खाते से साइबर ठगों ने 15.50 लाख रुपये उड़ा दिए। बुधवार को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई और एक व्यक्ति ने खुद को पीएनबी का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। एपीके (एंड्रॉइड पैकेज किट) फाइल डाउनलोड कराकर मोबाइल हैक कर उनके खाते से रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहपुर के जंगल सालिकराम निवासी व्यापारी अरुण कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि बुधवार को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह राहुल शर्मा बोल रहा है। वह पीएनबी के क्रेडिट कार्ड हेड ऑफिस डिपार्टमेंट में काम करता है। बताया कि वह पांच लाख की क्रेडिट कार्ड की लिमिट के लिए सक्षम हैं। इस पर उन्होंने लिमिट बढ़ाने के लिए हामी भरी। अरुण ने बताया कि जालसाज ने व्हाट्सएप पर पीएनबी क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन की एक एपीके फाइल भेजी। उसे डाउनलोड करवाकर कहा कि ये केवाईसी के लिए जरूरी है। फिर उसने व्हाट्सएप कॉल कर उनसे स्क्रीन शेयर करवाया। सारा डिटेल भरवाया। इसके बाद दो मिनट के लिए उनका फोन बंद हो गया। रात करीब 8 बजे मोबाइल पर मैसेज आने शुरू हुए। ओटीपी के साथ ही रुपये की जमा-निकासी के मैसेज आने लगे। जबकि उन्होंने ओटीपी किसी के साथ शेयर नहीं की। शक होने आरोपी राहुल को कॉल की। उसने बताया कि कार्ड की लिमिट 14 लाख 51 हजार रुपये की बन रही थी। लेकिन केवल 5 लाख रुपये की बननी है। इसलिए खाते में जमा निकासी दिख रही है। इससे 5 लाख की लिमिट सेट हो जाएगी।
-
हेल्पलाइन पर फोन किया तो पता चला हो गई जालसाजी
अरुण ने बताया कि संदेह होने पर पीएनबी के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। सारी बात बताई। हेल्पलाइन सेंटर से बताया गया- आपके साथ जालसाजी हुई है। पता चला कि फिक्स डिपॉजिट तोड़कर 15.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसकी शिकायत तत्काल 1930 पर की।