पंचायतीराज विभाग ने सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई
छठ घाटों को सजाने, प्रकाश की हो रही है व्यवस्था
गोरखपुर। छठ पूजा को देखते हुए पंचायतीराज विभाग ने जिले की 1093 ग्राम पंचायतों में स्थित 1341 छठ घाटों की सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य पूरा कर लिया है। रविवार को छठ घाटों की सजावट, लाइट व अन्य जरूरी कार्य कराए जाएंगे।
डीपीआरओ निलेश प्रताप ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों की ड्यूटी छठ घाटों की सफाई के लिए लगाई गई है। वे मंगलवार को सुबह अर्घ्य के बाद भी छठ घाट की सफाई तक अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर रहेंगे। ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि छठ घाटों पर जाने वाले रास्ते की सफाई, गड्ढों को भरने का कार्य करा लें। ग्राम प्रधानों से भी छठ पूजा के लिए जरूरी व्यवस्था कराने को कहा गया है। कार्य की निगरानी सभी ब्लॉकों में एडीओ पंचायत कर रहे हैं।
उप निदेशक पंचायत हिमांशु ठाकुर ने बताया कि बांसगांव में 63, बड़हलगंज में 67, बेलघाट में 89, भरोहिया में 40, भटहट में 64, ब्रह्मपुर में 59, कैंपियरगंज में 66, चरगांवा में 35, गगहा में 111, गोला में 67, जंगल कौड़िया में 41, कौड़ीराम में 89, खजनी में 130, खोराबार में 35, पाली में 58, पिपराइच में 58, पिपरौली में 50, सहजनवां में 63, सरदारनगर में 91 और उरुवा में 85 जगह छठ घाट बनाए गए हैं।
भावी उम्मीदवारों ने भी घाट सजाने में दिखाई रूचि
गोरखपुर। अगले साल संभावित पंचायत चुनाव में ताल ठोंकने वालों के लिए इस बार की छठ पूजा में अपनी कर्मठता दिखाने का मौका है। लगभग हर ग्राम पंचायत में संभावित उम्मीदवार सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा तक के लिए प्रयास कर रहे हैं। कई जगह दावेदारों ने अपने खर्च से छठ घाट की तरफ जाने वाले रास्ते पर लाइट लगवाने, छठ घाट पर सजावट, टेंट आदि का इंतजाम कराए हैं। कई जगह भजन-कीर्तन का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कराया है।