पिपराइच क्षेत्र के रामपुर खुर्द, गोविंदपुर और नथुआ गांव में सचिव शिवेश ओझा ने की थी निकासी
एडीओ पंचायत की जांच में मामले की हुई जानकारी तो दर्ज कराया गया केस
पिपराइच। क्षेत्र के तीन गांवों में बिना विकास कराए करीब 11.75 लाख रुपये की निकासी करने के आरोपी ग्राम सचिव शिवेश ओझा पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने एडीओ पंचायत की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सचिव शिवेश ओझा की शिकायत रामपुर खुर्द के प्रधान अली मोहम्मद ने डीपीआरओ से की थी। इसके बाद एडीओ पंचायत अवनिंद्र कुमार ने रामपुर खुर्द, गोविंदपुर, नथुआ गांव के सचिव शिवेश ओझा की ओर से कराए गए विकास कार्यों की जांच की थी। एडीओ पंचायत ने 27 मार्च को जांच कराई तो सचिव वित्तीय अनियमितता के दोषी पाए गए।
जांच में पता चला कि सचिव ने रामपुर खुर्द गांव में बिना कार्य कराए स्वच्छ भारत मिशन के 2.84 लाख रुपये, नाली निर्माण में 52000, आरसीसी बेंच के नाम पर 63000, फॉगिंग के नाम 21500, सामुदायिक शौचालय के नाम 37,000, रिबोर के नाम पर 60,000 समेत 5.32 लाख, इस्लामपुर गांव से 1.60 लाख, गोविंदपुर गांव से 2.89 लाख व नथुआ गांव मेंं 1.92 लाख रुपये की निकासी की थी।
आरोप है कि सचिव ने यह भुगतान पंचायत भवन से न करके डोंगल का दुरुपयोग कर दूसरे गांव में स्थापित पंचायत भवन के कंप्यूटर से किया था। एडीओ पंचायत की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।