बिहार के सिवान में फर्जी स्टांप छापने वाले गिरोह का यूपी, दिल्ली और राजस्थान तक था कनेक्शन
यूपी, राजस्थान और दिल्ली के शहरों में बेचते थे फर्जी स्टांप, 11 आरोपियों पर कैंट पुलिस ने लगाया गैंगस्टर
गोरखपुर। फर्जी स्टांप के मामले में गैंगस्टर के वांछित आरोपियों पर एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) लेकर पुलिस ने इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट की धारा में केस दर्ज होने के बाद पुलिस बिहार, कुशीनगर और महराजगंज के आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।
इस गिरोह का सरगना बिहार का नवाब आरजू पहले से जेल में है। इधर, तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भिजवाया है। अब सात आरोपियों की धरपकड़ में पुलिस टीमें लगी हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 मार्च को गिरोह के 11 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की धारा में केस दर्ज किया गया था। सात आरोपियों में सरगना नवाब आरजू का भांजा साहेबजादे, कुशीनगर कसया का ऐश मोहम्मद, कुशीनगर पडरौना सिरसिया निवासी रविंद्र कुमार दीक्षित, जंगल बकुलहवा का नंदू उर्फ नंदलाल, देवरिया कोतवाली का संतोष गुप्ता, महराजगंज कोठभारी व हाल पता कोतवाली जगन्नाथपुर निवासी रविदत्त मिश्रा और कुशीनगर कसया निवासी गोपाल तिवारी की तलाश चल रही है।
सिवान में छापता था फर्जी स्टांप और नकली नोट
नवाब आरजू वर्ष 2024 में कैंट क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार हुआ था। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया था कि बिहार के सिवान जिले में उसने एक मशीन लगाई थी। डिमांड के अनुसार फर्जी स्टांप छापता था। पुलिस को उसके पास से नकली नोट भी मिले थे। पुलिस ने नोट छापने वाली मशीन भी बरामद की थी।
दिल्ली, राजस्थान तक गिरोह का मिला था कनेक्शन
पूछताछ में पता चला कि नवाब आरजू का कनेक्शन प्रदेश के गोरखपुर, मेरठ, फिरोजाबाद, नोएडा के साथ ही दिल्ली, राजस्थान तक था। नवाब आरजू ने बताया था कि फिरोजाबाद का एक व्यक्ति फर्जी स्टांप छापने के लिए रुपये देता था। उसके कहने पर फर्जी स्टांप छापकर दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक भिजवाता था। स्टांप की डीलिंग के लिए बिचौलियों को भी रखा गया था, जो सभी जगहों पर जाकर ऑर्डर लाते थे। कैंट पुलिस ने मंगलवार को एक महिला बिचौलिया बिहार, सिवान के महादेवा थाना क्षेत्र के हकाम गांव की रिंकू देवी उर्फ नीलू पत्नी गणेश को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया है।
वर्जन
फर्जी स्टांप छापने वाले गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की धारा में कार्रवाई की गई है। आरोपियों के घर पर पुलिस ने दबिश दी थी, केस दर्ज होने के बाद वे भागे हुए हैं। गिरफ्तारी के लिए एनबीडब्ल्यू लेकर इनाम भी रखा जाएगा।
-अभिनव त्यागी, एसपी सिटी