दो मंजिला भवन के निर्माण का कार्य शुरू, मार्च तक बनकर हो जाएगा तैयार
दूसरे राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों को ठहरने में नहीं होगी दिक्कत
गोरखपुर। अब रेलवे में दूसरे राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों को ठहरने की दिक्कत नहीं होगी। वे एक साथ रहकर प्रैक्टिस कर सकेंगे और प्रतियोगिताओं में खेलेंगे। इसके लिए रेल प्रशासन सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में स्पोर्ट्स हॉस्टल बनवा रहा है, जिसका निर्माण शुरू हो चुका है। दो मंजिला हॉस्टल में एक साथ 100 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। मार्च तक इसे बनाकर तैयार कर लिया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे का मुख्यालय होने के चलते गोरखपुर में आए दिन प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियाेगिताएं होती रहती हैं। दूसरे राज्यों से एक साथ जब टीमें आती हैं तो खिलाड़ियों के ठहरने की दिक्कत होती है। उन्हें कहीं और ठहराया जाता है, लेकिन अब नया स्पोर्ट्स हॉस्टल बनने से खिलाड़ियों के साथ ही आयोजकों को भी सहूलियत होगी। खिलाड़ी ग्राउंड के पास ही रहेंगे तो उन्हें प्रैक्टिस में भी दिक्कत नहीं होगी।
प्रस्ताव के मुताबिक, स्पोर्ट्स हॉस्टल का भवन दो मंजिला बनेगा। प्रथम और द्वितीय तल पर दो-दो डाॅरमेट्री बनेगी, जिसमें 50 खिलाड़ियों के ठहरने के लिए बेड लगाए जाएंगे। डाॅरमेट्री के दोनों तरफ दो टॉयलेट भी रहेंगे। इसे बनाने में करीब 80 लाख रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य शुरू हो गया है, अभी फाउंडेशन का काम चल रहा है। मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा।
वर्जन
रेलवे स्टेडियम में स्पोर्ट्स हॉस्टल विकसित किया जा रहा है। इसका लाभ समय-समय पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के दौरान किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त कई खेल कैंप में भी इसका उपयोग किया जाएगा।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनईआर