- खेलो इंडिया गेम्स के बाद पहली बार होगा रोइंग प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत रविवार को हो गई। इस बार खेल महोत्सव में रोइंग का भी रोमांच देखने को मिलेगा। सोमवार को रामगढ़ताल में यह प्रतियोगिता आयोजित होगी।
मई 2023 में खेलो इंडिया गेम्स के तहत गोरखपुर में पहली बार राेइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। उसके बाद यह पहला मौका होगा जब एक साथ कई नाव रामगढ़ताल में दौड़ेंगी। जिला स्तरीय रोइंग प्रतियोगिता के लिए रविवार को वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से 20 नावें रामगढ़ताल में उतारी गईं। टेस्टिंग करने के बाद ही इनका इस्तेमाल प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता में 30 से ज्यादा खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। यह वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अभी पूरी तरह से शुरू नहीं हुआ है। इस वजह से कुछ खिलाड़ी नाव के साथ उतना अभ्यास नहीं कर सके। पहले से प्रशिक्षित खिलाड़ी ही इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।