बुधवार को एनेक्सी भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने बताया कि गोरखपुर के समेकित पर्यटन विकास एवं पर्यटन महत्व को देखते हुए यह आयोजन काफी महत्वपूर्ण है। उद्घाटन एवं समापन कार्यक्रम चंपा देवी पार्क के मुख्य मंच पर होगा। उद्घाटन अवसर पर लखनऊ की आस्था द्वारा गणेश वंदना एवं नृत्य नाटिका (गंगा अवतरण) की प्रस्तुति की जाएगी।
शारदा संगीतालय द्वारा विवाह संस्कार गीत एवं घूमर, पनिहारी नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। समापन समारोह में स्मारिका का विमोचन होगा। लखनऊ की स्वाती एवं किशोर चतुर्वेदी भजन प्रस्तुत करेंगे। यही नहीं, महोत्सव में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) द्वारा ब्रज के लोक नृत्य की प्रस्तुति भी होगी। 13 जनवरी को लोक गायिका मैथिली ठाकुर का कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होगा।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि चंपा देवी पार्क स्थल पर विभिन्न विभागों के 200 स्टाल लगाए जाएंगे। महोत्सव में आने वालों के खानपान के लिए फूड जोन की भी व्यवस्था होगी।
दिनेश बावरा, सुनील जोगी करेंगे कविता पाठ
13 जनवरी को आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन में दिनेश बावरा, सुनील जोगी, विष्णु सक्सेना, पद्मिनी सक्सेना व अखिलेश मिश्रा कविता पाठ करेंगे।
प्रमुख चौराहों पर एलईडी स्क्रीन पर भी दिखेंगे महोत्सव के रंग
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि समिति द्वारा वेबसाइट gorakhpurmahotsav.co.in बनाई गई है। इस पर सभी कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण होगा। इसके अलावा कार्यक्रमों का प्रसारण शास्त्री चौक, कचहरी चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा व नौकायन केंद्र पर लगी एलईडी स्क्रीन पर भी होगा।
गोरखपुर महोत्सव के कार्यक्रम
12 जनवरी
- महंत दिग्विजयनाथ पार्क में हाट एयर बैलूनिंग सुबह 10 बजे।
- रामगढ़ताल क्षेत्र में यूथ पावर एसोसिएशन द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन सुबह 11 बजे।
- उद्घाटन सत्र दोपहर 12 बजे से दो बजे तक।
- चंपा देवी पार्क के मुख्य मंच पर दोपहर दो बजे से शाम 4.30 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के स्थानीय कलाकारों द्वारा सबरंग कार्यक्रम
- गीडा स्थित उद्योग भवन में रेडीमेड गारमेंट पर कार्यक्रम दोपहर बाद तीन बजे से।
- सत्य सारथी संस्था द्वारा नाट्य मंचन शाम चार बजे मुक्ताकाशी मंच पर।
- खादी फैशन शो चंदा देवी पार्क के मुख्य मंच पर शाम 5.30 बजे से 6.15 बजे तक।
- राष्ट्रीय स्तर के स्थानीय भोजपुरी कलाकारों द्वारा लोकरंग कार्यक्रम शाम 6.35 बजे से रात आठ बजे तक चंदा देवी पार्क के मुख्य मंच पर।