गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे बनने के बाद गोरखपुर से लखनऊ आने-जाने के लिए एक और मार्ग तैयार हो जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को गोरखपुर से जोड़ने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर को जोड़ने वाला लिंक गोरखपुर से निकल कर सदर, सहजनवां और खजनी तहसील होते हुए घनघटा तहसील के चार गांवों से होकर जाएगा। यह आंबेडकर नगर होते हुए आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से मिल जाएगा। लिंक एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 91.352 किमी है। भविष्य में छह लेन तक इसका विस्तार किया जा सकेगा। फिलहाल सड़क चार लेन ही बनाई जाएगी।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे एक नजर में
- गोरखपुर बाईपास एनएच- 27 पर स्थित ग्राम जैतपुर के पास से शुरू होकर आजमगढ़ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाकर जुड़ेगा।
- लिंक एक्सप्रेस-वे की लंबाई 91.352 किलोमीटर है जो गोरखपुर, आंबेडकर नगर, संतकबीरनगर, आजमगढ़ से होकर गुजरेगा
- एक्सप्रेस-वे चार लेन चौड़ा (छह लेन तक विस्तार करने योग्य) तथा संरचनाएं छह लेन चौड़ाई की बनायी जाएंगी। इसके एक ओर 3.75 मीटर चौड़ाई की सर्विस रोड बनाई जाएगी।