कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सर्तक हो गया है। बुधवार को विदेश से आए आठ लोगों की एयरपोर्ट पर जांच की गई। सभी बिहार के रहने वाले हैं। एंटीजन जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सीएमओ को निर्देश दिया कि विदेश से आने वाले लोगों की जांच जरूर कराएं। निगरानी सूची में डाले गए 12 देशों से आने वाले लोगों की जांच आरटीपीसीआर से कराएं।
कोविड जांच के नोडल अधिकारी डॉ एके सिंह ने बताया कि इन 12 देशों से आने वालों को विशेष निगरानी में रख जाएगा। बताया कि जिले में कोविड जांच का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। मौजूदा समय में प्रतिदिन दो हजार जांचें हो रही थीं। इसे बढ़ाकर पांच हजार करने का लक्ष्य है।